Varanasi Weather: बनारस में रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी, 43 डिग्री पर पहुंचा पारा, रातें भी गर्म, जानिये कब मिलेगी राहत 

गर्मी इस बार रिकॉर्ड तोड़ रही है। वाराणसी में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके साथ ही बनारस एक बार फिर देश का दूसरा सबसे गर्म शहर बन गया। रातें भी काफी गर्म हो रही हैं। ऐसे में लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जून के आखिरी सप्ताह में मानसून सक्रिय होने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। बारिश के बाद तपिश से कुछ हद तक राहत मिल सकती है, हालांकि उमस जारी रहेगी। 
 

वाराणसी। गर्मी इस बार रिकॉर्ड तोड़ रही है। वाराणसी में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके साथ ही बनारस एक बार फिर देश का दूसरा सबसे गर्म शहर बन गया। रातें भी काफी गर्म हो रही हैं। ऐसे में लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जून के आखिरी सप्ताह में मानसून सक्रिय होने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। बारिश के बाद तपिश से कुछ हद तक राहत मिल सकती है, हालांकि उमस जारी रहेगी। 

मौसम विभाग के अनुसार वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। शहर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि प्रदेश में सबसे अधिक तापमान प्रयागराज में 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म रात वाला शहर भी बना हुआ है, जिससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी राहत नहीं मिल रही है।

गर्मी के साथ मानसून की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। बंगाल की खाड़ी से लेकर पूर्वोत्तर भारत और नेपाल तक बने मानसूनी तंत्र के कमजोर पड़ने के कारण पूर्वांचल में बारिश की गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। इसका असर वाराणसी समेत आसपास के जिलों में स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। जून में औसत से लगभग 15 गुना कम बारिश हुई। 

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल गर्मी से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक पूर्वांचल में लू जैसे हालात बने रह सकते हैं और तापमान ऊंचे स्तर पर बना रहेगा। हालांकि महीने के अंतिम सप्ताह में मानसूनी गतिविधियों में तेजी आने और हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद जताई गई है।