Varanasi Weather: वाराणसी में तेज हवा के साथ बारिश, तापमान में गिरावट, दो दिन भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ के आसपास निम्न दबाव क्षेत्र बनने से वाराणसी समेत आसपास के इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग की ओर से दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं। लगातार बारिश से वाराणसी में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है। 
 

वाराणसी। छत्तीसगढ़ के आसपास निम्न दबाव क्षेत्र बनने से वाराणसी समेत आसपास के इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग की ओर से दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं। लगातार बारिश से वाराणसी में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है। 

मौसम विभाग की ओर से अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों को शनिवार को बंद रखने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को तेज हवा और बारिश ने शहर की रफ्तार पर असर डाला। हवा की गति 61 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने से शहर के विभिन्न इलाकों में 10 से अधिक पेड़ गिर गए। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।

शुक्रवार को मौसम में अचानक बदलाव के बाद तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इसके चलते कई इलाकों में पेड़ और डालियां गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। कुछ क्षेत्रों में बिजली के तार और उपकरण क्षतिग्रस्त होने से घंटों आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली कटौती का असर देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 27 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। वाराणसी समेत आसपास के जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री कम दर्ज किया गया। लगातार बारिश और बादलों के कारण दिन में भी मौसम ठंडा रहा। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पेड़ व बिजली के तारों से दूर रहने की अपील की है।