Varanasi Weather: वाराणसी में बारिश, मौसम सुहाना, दो दिन भारी बारिश का अलर्ट
वाराणसी। काशी में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रविवार दोपहर बाद शहर के कई इलाकों में अचानक मौसम बदला और तेज बारिश हुई। वहीं आधी रात के बाद फिर मौसम मेहरबान हो गया और बारिश शुरू हो गई। सोमवार की सुबह भी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक वाराणसी समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
रविवार को लंका-बीएचयू क्षेत्र में एक घंटे के दौरान 15.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। रविवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली, जबकि वातावरण में नमी 86 प्रतिशत तक रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही अगले दो दिनों के लिए तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। आने वाले दो दिनों में तेज बारिश के साथ हवाओं की रफ्तार बढ़ सकती है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में मौसम सुहाना हो गया। हालांकि, बारिश के साथ तेज हवाओं और संभावित जलभराव को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से अगले दो दिनों में काशी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला तेज होने की संभावना है।