Varanasi Weather: अब गर्मी झेलने को हो जाइए तैयार, दो दिनों की धूप में ही 37.4 डिग्री तापमान, पारा 40 डिग्री के ऊपर पहुंचने के आसार
वाराणसी। मौसम साफ होने के बाद दो दिनों की धूप में ही वाराणसी में तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वाराणसी प्रदेश का तीसरा सबसे गर्म जिला रहा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अब तापमान तेजी से ऊपर जाएगा और 40 डिग्री को पार कर सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 12 अप्रैल तक तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक किसी ठोस मौसम तंत्र के सक्रिय न होने से बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
हालांकि अप्रैल के अंत या मई के शुरुआती दिनों में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल गर्मी और उमस का दौर जारी रहने के संकेत हैं।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार गर्मी का असर जल्दी देखने को मिल रहा है। अप्रैल के पहले पखवाड़े में ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम में हो रहे इस बदलाव से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को दिन में तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ रहा है।