Varanasi Weather: मंडराने लगे बादल पर गर्मी से राहत नहीं, वाराणसी में पारा 42 के पार, गर्म हवा के थपेड़ों ने झुलसाया, बारिश का इंतजार
वाराणसी। पिछले दो दिनों से बादलों की सक्रियता बढ़ गई है। बादल आसमान में मंडराने लगे हैं, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। वाराणसी में गुरुवार को तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 6.3 डिग्री अधिक है। वहीं तीन बजे के बाद 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से लू चली। काशीवासियों को बारिश का बेसब्री से इंतजार है। मौसम विशेषज्ञों ने 28 जून के बाद वाराणसी और आसपास के इलाकों में बारिश के आसार जताए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार वाराणसी का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है।
शाम करीब चार बजे के आसपास तेज गति से लू चलने लगी। गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिन ढलने के बाद भी गर्म हवाओं का असर कम नहीं हुआ और देर शाम तक लू का दौर जारी रहा। हालांकि रात होने के साथ तापमान में हल्की गिरावट शुरू हुई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान ऊंचा बना रह सकता है और लू का प्रभाव जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।