Varanasi Weather: अगले एक सप्ताह तक गर्मी से नहीं मिलेगी राहत, भीषण गर्मी और लू का अलर्ट
वाराणसी। भीषण गर्मी और लू का प्रकोप आने वाले एक सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसको लेकर चेतावनी जारी की है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग की ओर से लू का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से प्रदेश में लगातार तापमान बढ़ रहा है। पिछले कुछ दिनों से गर्मी का असर तेजी से महसूस किया जा रहा है और आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लू चलने की आशंका बनी हुई है।
पूर्वानुमान के मुताबिक 16 मई से 22 मई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में 20 मई के बाद कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इससे गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और उमस भी बढ़ सकती है।
चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है।