Varanasi Weather: कोहरे के साथ सुबह-ए-बनारस, सीजन का पहला कोहरा, ठंड की दस्तक, जानिये कैसा रहेगा आगे का मौसम
कोहरे से वाहन चालकों को हुई परेशानी, रबी फसलों के लिए अनुकूल माना जा रहा मौसम
वाराणसी। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही धर्मनगरी काशी के मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सोमवार की सुबह वाराणसी में इस सीजन का पहला कोहरा देखने को मिला। सुबह के समय कैंट स्टेशन, शहर और आसपास के इलाकों में कोहरे की चादर छाई रही। इससे जहां ठंड के आगमन का एहसास होने लगा, वहीं सुबह के समय दृश्यता भी कम रही। इससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार से मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
कोहरे और ठंडक के बीच पर्यटकों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पश्चिम बंगाल से वाराणसी घूमने पहुंचे पर्यटक अनूप कुमार महतो ने बताया कि उन्होंने इस साल पहली बार कोहरा देखा है। पश्चिम बंगाल में अभी तक कोहरे की शुरुआत नहीं हुई है। ऐसे में काशी में सुबह-सुबह कोहरे का नजारा उनके लिए नया अनुभव रहा।
अनूप कुमार महतो ने कहा कि इस मौसम और कोहरे को देखकर अच्छा लग रहा है। यह किसानों के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार ठंड का असर अधिक देखने को मिल सकता है और कड़ाके की ठंड के साथ शीतलहर भी पड़ सकती है।
उधर, मौसम में आए बदलाव को किसान भी उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। गिरते तापमान और सर्द मौसम को रबी की फसलों, खासकर गेहूं और अन्य शीतकालीन फसलों के लिए अनुकूल माना जाता है। हालांकि फसलों पर कोहरे का वास्तविक प्रभाव उसकी अवधि और मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। फिलहाल सीजन के पहले कोहरे ने काशी में सर्दियों की आहट तेज कर दी है।
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो सोमवार से मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग की ओर से इस सप्ताह के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वैसे बिना किसी अलर्ट के ही रविवार की रात शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई थी।