Varanasi Weather: कमजोर पड़ा मानसून, बादलों की आवाजाही जारी, जानिये आगे के मौसम का हाल 

जुलाई माह के शुरुआत से ही सक्रिय मानसून अब कमजोर पड़ गया है। इसके चलते दो दिनों से बारिश थम गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले चार दिनों तक मौसम का हाल ऐसा ही रहेगा। उसके बाद बारिश की संभावना है। 
 

वाराणसी। जुलाई माह के शुरुआत से ही सक्रिय मानसून अब कमजोर पड़ गया है। इसके चलते दो दिनों से बारिश थम गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले चार दिनों तक मौसम का हाल ऐसा ही रहेगा। उसके बाद बारिश की संभावना है। 

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून कमजोर होने के कारण हवा की रफ्तार भी धीमी हो गई है। इसके चलते दिन के समय उमस बढ़ने से लोगों को अधिक गर्मी का एहसास हो रहा है। शनिवार को भी दिन में धूप और उमस का असर देखने को मिला। 

तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, वातावरण में नमी का स्तर अधिक होने के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून की सक्रियता फिलहाल हिमालयी क्षेत्रों की ओर खिसक गई है। इसी वजह से वाराणसी और आसपास के इलाकों में व्यापक वर्षा की संभावना फिलहाल कम बनी हुई है। हालांकि स्थानीय स्तर पर कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, लेकिन इससे मौसम में कोई बड़ा बदलाव आने की उम्मीद नहीं है।