Varanasi Weather: बंगाल की खाड़ी में बने दबाव क्षेत्र से कमजोर पड़ा मानसून, उमसभरी गर्मी ने किया परेशान, 19 को भारी बारिश के आसार
वाराणसी। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से पूर्वांचल सहित वाराणसी में मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ गई है। बारिश की कमी के कारण लोगों को तेज उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को तापमान औसत से ऊपर चला गया। इससे दिन भर उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1.7 डिग्री कम 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 75 से 80 प्रतिशत के बीच बना रहा, जिससे उमस और अधिक महसूस हुई। दिनभर बादलों की आवाजाही के बावजूद तेज धूप निकलने से गर्मी का असर बढ़ गया।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। वाराणसी सहित आसपास के जिलों में तत्काल व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, 19 जुलाई के आसपास भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में मानसूनी ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसकी हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में अभी कोई अन्य प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, जिसके कारण मानसून कमजोर बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम संबंधी गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन व्यापक वर्षा के आसार फिलहाल कम हैं। कमजोर मानसूनी गतिविधियों के चलते प्रदेश में उमस और गर्मी का असर बना रहेगा।