Varanasi Weather: काशी पहुंची मानसून की पुरवाई, अगले पांच दिनों तक बारिश का यलो अलर्ट
वाराणसी। बंगाल की खाड़ी से उठी मानसूनी पुरवाई रविवार को काशी पहुंच गई, जिससे शहर में पहली बार मानसून जैसा अहसास हुआ। करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पूर्वी हवा के कारण उमस और बढ़ गई, लेकिन मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटे के भीतर जिले में मानसून सक्रिय हो सकता है।
रविवार को दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल रखा। मौसम विभाग के अनुसार दिन में हवा की गति 40 से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे गर्म रात वाराणसी की रही।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून अब शक्तिनगर के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसके सक्रिय होने के बाद पूर्वांचल में लगातार बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। इससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलेगी। मानसून की प्रतीक्षा कर रहे किसानों के लिए भी यह राहतभरी खबर है। धान की रोपाई सहित कृषि कार्य बारिश के अभाव में प्रभावित हो रहे हैं। मौसम विभाग का मानना है कि मानसून सक्रिय होने के बाद खेती-किसानी की गतिविधियों में तेजी आएगी।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो सकता है। अगले 24 घंटों में बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि जुलाई के पहले सप्ताह में सामान्य से 5 से 7 डिग्री तक तापमान में गिरावट आने के संकेत हैं।