Varanasi Weather: वाराणसी में मानसून मेहरबान, अगस्त में औसत से अधिक बरसात, अगले पांच दिन भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
वाराणसी। इस समय मानसून मेहरबान है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र और वाराणसी के ऊपर से होकर गुजर रही मानसून द्रोणी के चलते बारिश का दौर जारी है। अगस्त में भी वाराणसी में औसत से 89 फीसदी अधिक बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक भारी बारिश के आसार जताए हैं। वाराणसी समेत आसपास के जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
वाराणसी में मंगलवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। जिले में 60 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी रही। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को दिन में करीब 36 और शाम के समय 25 मिलीमीटर बारिश हुई।
मंगलवार को बारिश के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री कम होकर 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम होकर 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 91 फीसदी तक पहुंच गया, जिससे दिनभर उमस और ठंडक का मिला-जुला असर महसूस हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक बारिश के आसार हैं। वाराणसी समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।