Varanasi Weather : बनारस में मानसून तो आया पर बारिश नदारद, तापमान 35 डिग्री के पार
वाराणसी। मानसून की दस्तक के बावजूद बनारस सूखा है। शहर में झमाझम बारिश नहीं हुई। ऐसे में लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं। तापमान भी 35 डिग्री से पार पहुंच गया है। दिन में तीखी धूप लोगों को परेशान कर रही है। लोगों को झमाझम बारिश का इंतजार है, ताकि गर्मी और उमस से निजात मिल सके।
मानसून आने के बाद से रोज बादल मंडरा रहे हैं। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो रही है, लेकिन उम्मीद के अनुरूप बारिश नहीं हो रही है। वहीं बादलों की सक्रियता के बावजूद बीच-बीच में तीखी धूप परेशान कर रही है। जून में औसत तौर पर 63.4 मिलीमीटर बरसात होनी चाहिए, लेकिन 47.4 मिलीमीटर ही बारिश हुई।
गुरुवार को भी बनारस का मौसम मिला-जुला ही रहा। सिर्फ 4 मिलीमीटर ही बारिश हुई। दोपहर में करीब 12 बजे बारिश हुई। जिले का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चार दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है।