Varanasi Weather: मानसून की सक्रियता थमी, धूप ने बढ़ाई गर्मी और उमस, जानिये कब होगी मानसून की वापसी 

काशी में मानसून अब कमजोर पड़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह से बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। 19 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम के शुष्क होने के साथ ही पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी की संभावना है। इसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देने लगेगा।
 

वाराणसी। काशी में मानसून अब कमजोर पड़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह से बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। 19 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम के शुष्क होने के साथ ही पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी की संभावना है। इसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देने लगेगा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर से नमी आने में कमी के चलते मानसून की सक्रियता घट गई है। ऐसे में अगले 48 घंटे में बारिश की गतिविधियों में और कमी आने की संभावना है। हालांकि, स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण कहीं-कहीं हल्की से फुहारें पड़ सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 19 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क होने लगेगा। इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू होने के आसार हैं। धीरे-धीरे इसका प्रभाव पूर्वांचल तक पहुंचने की संभावना है।

सोमवार को वाराणसी में कहीं-कहीं हल्की-फुल्की बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। तापमान में भी सामान्य से अधिक गर्मी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिन में पुरवा हवा करीब नौ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल उमस और गर्मी बनी रह सकती है, लेकिन मानसून की सक्रियता कम होने के साथ बारिश का दौर कमजोर पड़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में मौसम के धीरे-धीरे शुष्क होने के संकेत मिल रहे हैं।