Varanasi Weather: वाराणसी में मानसून एक्टिव, आज बहुत भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
वाराणसी। काशी में मंगलवार को बिजली गिरने और तेज हवा के साथ एक घंटे में लगभग 45 मिलीमीटर बारिश हुई। शाम के वक्त जोरदार बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए। इससे तापमान गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने बुधवार को वाराणसी समेत आसपास के जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसको देखते हुए कक्षा एक से आठ तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
मंगलवार दोपहर तक धूप निकलने के बाद शाम करीब पांच बजे अचानक घने बादल मंडराने लगे। कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं। बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया। जगह-जगह गिरे पेड़ और डालियों के चलते कुछ मार्गों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से बुधवार को वाराणसी सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्म दबाव क्षेत्र और नमीयुक्त हवाओं के चलते मानसून एक्टिव हो गया है। 22 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। भारत मौसम केंद्र ने बुधवार को वाराणसी, चंदौली समेत आसपास के जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।