Varanasi Weather: दो दिन धूप के बाद मानसून एक्टिव, वाराणसी में भारी बारिश का अलर्ट
वाराणसी। दो दिन धूप के बाद मानसून फिर एक्टिव हो गया है। शनिवार शाम से ही मौसम बदल गया है। शनिवार को कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई तो कई इलाकों में तेज बारिश हुई। रविवार की सुबह भी वाराणसी के कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार को वाराणसी समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पिछले दो दिनों से तीखी धूप खिल रही थी। इससे तापमान तेजी से ऊपर चढ़ते हुए 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। पिछले दिनों बारिश के चलते तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया था। हालांकि धूप के बाद गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। शनिवार से मौसम ने करवट ली और दिन में बादल छाए रहे। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से तेज बारिश हुई।
मौसम विभाग की ओर से रविवार को वाराणसी, चंदौली समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि मानसून सिस्टम इस समय उत्तर की ओर सक्रिय है। वहीं बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं और कम दबाव के क्षेत्र के असर से यूपी में अगले 2-3 दिन बारिश की गतिविधियों में तेजी के आसार हैं। 26 अगस्त के बाद मौसम साफ हो सकता है।