Varanasi Weather : कड़ी धूप के चलते वाराणसी में 11 डिग्री चढ़ा पारा, ठंड और गलन से राहत, दो दिन बाद फिर एक्टिव हो सकता है पश्चिमी विक्षोभ 

पिछले दो दिनों से कड़ी धूप के चलते वाराणसी में पारा चढ़ने लगा है। इससे लोगों को ठंड और गलन से राहत मिली है। शनिवार को तापमान 11.2 डिग्री की वृद्धि के साथ सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक यानी 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान अभी औसत से नीचे है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 12 जनवरी के बाद तापमान में फिर गिरावट आ सकती है और लोगों को ठंड का सामना करना पड़ सकता है। 
 

वाराणसी। पिछले दो दिनों से कड़ी धूप के चलते वाराणसी में पारा चढ़ने लगा है। इससे लोगों को ठंड और गलन से राहत मिली है। शनिवार को तापमान 11.2 डिग्री की वृद्धि के साथ सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक यानी 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान अभी औसत से नीचे है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 12 जनवरी के बाद तापमान में फिर गिरावट आ सकती है और लोगों को ठंड का सामना करना पड़ सकता है। 
  
इस सप्ताह गुरुवार तक कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने लोगों को बेहाल कर दिया था। धूप खिलने के बावजूद इसका असर नहीं रहा। ऐसे में लोगों को दिन में भी ठंड से राहत नहीं मिली। शुक्रवार से मौसम ने करवट ली। शुक्रवार को दिन में अच्छी धूप निकली। वहीं शनिवार को भी सुबह से ही कड़ी धूप निकली। इसके चलते लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी से दिन में गलन और ठंड का असर नहीं रहा। 

धूप निकलने से जहां लोगों को ठंड से राहत मिली, वहीं बाजारों में भी रौनक लौटती दिखी। काशी में धूप का लाभ उठाने के लिए लोग छतों, पार्कों और खुले स्थानों पर बैठे नजर आए। घाटों पर भी चहल-पहल रही। खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह मौसम राहत भरा रहा। चिकित्सकों का कहना है कि तापमान में उतार-चढ़ाव को देखते हुए लोगों को अभी सतर्क रहने की जरूरत है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से धूप निकलने का सिलसिला शुरू हुआ है। हालांकि 12 जनवरी के बाद एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है।