Varanasi Weather: दिन में चढ़ा पारा, रात में ठंडक, वाराणसी में मौसम का बदला मिजाज

जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। सप्ताह की शुरुआत में जहां दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं रात के समय पारे में गिरावट से लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ। गुरुवार को दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी महसूस की गई, जबकि देर रात और सुबह के समय ठंडक बनी रही।
 

वाराणसी। जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। सप्ताह की शुरुआत में जहां दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं रात के समय पारे में गिरावट से लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ। गुरुवार को दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी महसूस की गई, जबकि देर रात और सुबह के समय ठंडक बनी रही।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया और यह 31.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप के कारण दोपहर में लोगों को गर्मी का आभास हुआ। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम बताया गया।

दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ रहा है। दोपहर में गर्मी के कारण हल्के कपड़े पहनने पड़ रहे हैं, जबकि सुबह-शाम और देर रात हल्की ठंड के चलते गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, जिससे आसमान साफ है और धूप तेज निकल रही है। आने वाले एक सप्ताह तक मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।