Varanasi Weather: वाराणसी में तीन डिग्री ऊपर चढ़ा पारा, ठंड से राहत, जानिये आगे के मौसम का हाल 

पछुआ हवाओं का असर कम होने के साथ ही पारा भी चढ़ने लगा है। रविवार को धूप के चलते वाराणसी के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। तापमान बढ़कर 24.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो बसंत पंचमी के समय मौसम में नमी बढ़ सकती है। उससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
 

वाराणसी। पछुआ हवाओं का असर कम होने के साथ ही पारा भी चढ़ने लगा है। रविवार को धूप के चलते वाराणसी के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। तापमान बढ़कर 24.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो बसंत पंचमी के समय मौसम में नमी बढ़ सकती है। उससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। 

बीते सप्ताह की शुरुआत में दो दिनों तक हवा में नमी के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला था। इसके बाद दो दिनों तक कोहरा छाया रहा, जिससे न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रविवार को सुबह मौसम सामान्य रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धूप तेज होती चली गई। नतीजतन ठंड से राहत मिली और धूप में गर्मी का अहसास हुआ।

शनिवार को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो 24 घंटे के भीतर करीब 3 डिग्री बढ़कर 24.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि आने वाले चार दिनों तक तापमान में इसी तरह का रुझान बना रहेगा। हालांकि वसंत पंचमी के दिन हवा में नमी बढ़ सकती है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट भी संभव है। फिलहाल शहरवासियों को दिन में धूप से राहत और सुबह-शाम हल्की ठंड का अनुभव होता रहेगा।