Varanasi Weather : वाराणसी में पारा 44 से ऊपर, मौसम विभाग ने जारी किया लू का अलर्ट, जानिये आने वाले दिनों में मौसम का हाल 

इन दिनों पूर्वांचल में गर्मी का कहर जारी है। गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। वाराणसी में तापमान 44°C से ऊपर पहुंच गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आसमान में बादलों के चलते धूप से मामूली राहत मिली। हालांकि इसका बहुत असर नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के साथ ही लू चलने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। 
 

वाराणसी। इन दिनों पूर्वांचल में गर्मी का कहर जारी है। गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। वाराणसी में तापमान 44°C से ऊपर पहुंच गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आसमान में बादलों के चलते धूप से मामूली राहत मिली। हालांकि इसका बहुत असर नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के साथ ही लू चलने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। 

पछुआ हवाओं के कारण वातावरण में नमी की मात्रा बेहद कम हो गई है, जिससे धूप की तीव्रता और बढ़ गई है। थार मरुस्थल और राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं ने हालात को और विकट बना दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 48 घंटे गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भू भौतिकी विभाग के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने आगमी दिनों में मौसम को लेकर विस्तार से जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि मार्च से मई तक गर्मी का मौसम माना जाता है। जून का आधा हिस्सा भी गर्मी में ही माना जाएगा। क्योंकि मानसून 20 जून तक आता है। उन्होंने कहा कि यह गर्मी का पीक सीजन है। ऐसे में तापमान में वृद्धि होगी। हालांकि यह बहुत स्थायी नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ अथवा अन्य कारणों से तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बादलों के चलते धूप से थोड़ी राहत है। 

उन्होंने कहा कि 44 डिग्री बहुत अचंभित करने वाला तापमान नहीं है। वैसे देखें तो गत वर्षों में अप्रैल के महीने में 46 डिग्री तक तापमान जा चुका है। कोई विशेष परिवर्तन नहीं दिखाई दिया। उन्होंने कहा मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। यदि ऐसा नहीं होगा तो तापमान और ऊपर जाएगा। उन्होंने कहा कि न्यूनतम तापमान में अभी बहुत अधिक वृद्धि नहीं है। मई के अंत और जून की शुरुआत में नौतपा के दौरान जब भीषण गर्मी पड़ती है और दिन में लू चलती है, उस समय रात का तापमान तेजी से ऊपर जाता है। फिलहाल न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।