Varanasi Weather: दिन में तीखी धूप से पारा 33 डिग्री से ऊपर, मौसम में उतार-चढ़ाव, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। यलो अलर्ट के बावजूद गुरुवार को काशी में बारिश का असर बेहद कम रहा। शहर में सिर्फ 1.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दिनभर हवा करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली, लेकिन तेज धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह से ही उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था। दोपहर तीन बजे तक तेज धूप का असर रहा। गर्मी और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि शाम होते-होते मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला।
शाम करीब चार बजे के बाद आसमान में घने बादल छाने लगे। इसके बाद कुछ देर तक बूंदाबांदी भी हुई। हल्की बारिश से मौसम में कुछ बदलाव आया और लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली। हालांकि बारिश का दौर ज्यादा देर तक नहीं चला।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। क्षेत्र में बादलों की आवाजाही के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। फिलहाल अगले चार दिनों तक किसी तरह का कोई नया अलर्ट जारी नहीं किया गया है।