Varanasi Weather : बनारस में 6 डिग्री लुढ़का पारा, छाया कोहरा, गलन और ठंड ने किया बेहाल, जानिये अगले तीन दिनों के मौसम का हाल
वाराणसी। मौसम एक बार फिर बदल गया है। मकर संक्रांति को धूप बेअसर रही। नमीयुक्त हवा के चलते तापमान में लगभग 6 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इससे ठंड और गलन से लोग बेहाल हो गए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस सप्ताह मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
रविवार को वाराणसी और आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी हुई। उसके बाद सोमवार को मौसम साफ हो गया। दिन में हल्की धूप रही। हालांकि मंगलवार को सुबह 10 बजे तक घना कोहरा और धुंध छाई रही। अधिकतम तापमान में 6.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच मात्र 3 डिग्री सेल्सियस का अंतर दिखा।
कोहरे और धुंध ने बढ़ाई मुश्किल
वाराणसी और आसपास के इलाकों में घना कोहरा और धुंध के चलते मुश्किलें बढ़ गई हैं। खासतौर से रेलवे और हवाई यातायात प्रभावित है। वहीं सड़कों पर भी वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश हुई। इसके बाद तापमान में एक बार फिर गिरावट आई है। मंगलवार को ठंड का असर और बढ़ गया है। बताया कि इस सप्ताह मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। कोहरे के साथ ही ठंड रहेगी। अगले सप्ताह से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। धूप के साथ तापमान बढ़ सकता है।