Varanasi Weather: तीखी धूप ने बढ़ाई उमस, बनारस में मई-जून जैसी गर्मी, 48 घंटे बाद एक्टिव होगा मानसून 

जिले में गुरुवार को हुई हल्की बारिश के बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। करीब 15 से 20 मिनट तक हुई वर्षा में मात्र 1.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद तेज धूप निकलने से मौसम और अधिक उमस भरा हो गया। दिनभर लोग गर्मी और चिपचिपाहट से परेशान रहे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्म दबाव क्षेत्र के चलते अगले 48 घंटे में मानसून के एक्टिव होने के आसार हैं। 
 

वाराणसी। जिले में गुरुवार को हुई हल्की बारिश के बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। करीब 15 से 20 मिनट तक हुई वर्षा में मात्र 1.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद तेज धूप निकलने से मौसम और अधिक उमस भरा हो गया। दिनभर लोग गर्मी और चिपचिपाहट से परेशान रहे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्म दबाव क्षेत्र के चलते अगले 48 घंटे में मानसून के एक्टिव होने के आसार हैं। 

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी हवा चली, जिससे वातावरण में नमी बनी रही। बारिश के बाद धूप निकलने से उमस में और इजाफा हो गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और यह 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इस दौरान हवा में 89 प्रतिशत तक आर्द्रता दर्ज की गई, जिसके कारण लोगों को पसीने और बेचैनी का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हल्की बारिश के बाद निकली तेज धूप और अधिक नमी के कारण उमस का असर बढ़ गया है। आईएमडी के अनुसार प्रदेश में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवाओं के प्रभाव से अगले 48 घंटों के दौरान मानसूनी गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इस अवधि में वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।