Varanasi Weather: वाराणसी में तीखी धूप ने बढ़ाई उमस और गर्मी, दो दिन भारी बारिश का अलर्ट 

काशी में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह करीब 10 मिलीमीटर बारिश होने के बाद कुछ देर के लिए लोगों को राहत मिली, लेकिन सूर्योदय के बाद तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ गई। दिनभर उमस के कारण लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग ने गुरुवार और शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
 

वाराणसी। काशी में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह करीब 10 मिलीमीटर बारिश होने के बाद कुछ देर के लिए लोगों को राहत मिली, लेकिन सूर्योदय के बाद तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ गई। दिनभर उमस के कारण लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग ने गुरुवार और शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मंगलवार को बारिश के बाद मौसम साफ हुआ तो तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक होकर 35.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में तेज धूप और अधिक नमी के कारण वातावरण में उमस बनी रही।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हवा में नमी का स्तर करीब 90 प्रतिशत तक पहुंच गया था। इससे तापमान सामान्य से अधिक महसूस हुआ और लोगों को गर्मी के साथ उमस का भी सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से गुरुवार और शनिवार को काशी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।