Varanasi Weather: तीखी धूप और उमसभरी गर्मी ने किया बेहाल, आंधी के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट

पिछले दो दिनों से तीखी धूप और उमसभरी गर्मी ने काशीवासियों को बेहाल कर दिया है। सुबह 8 बजे से ही धूप की तल्खी बर्दाश्त नहीं हो रही। ऐसे में लोग घर से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को वाराणसी और आसपास के इलाकों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। फिलहाल एक-दो दिन मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रह सकता है। 
 

वाराणसी। पिछले दो दिनों से तीखी धूप और उमसभरी गर्मी ने काशीवासियों को बेहाल कर दिया है। सुबह 8 बजे से ही धूप की तल्खी बर्दाश्त नहीं हो रही। ऐसे में लोग घर से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को वाराणसी और आसपास के इलाकों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। फिलहाल एक-दो दिन मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रह सकता है। 

विभाग के अनुसार तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। बीते गुरुवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक था। दिन के समय लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और वातावरण में नमी का स्तर 55 प्रतिशत तक दर्ज किया गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 9 और 10 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात का तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।