Varanasi Weather: बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर, बनारस में झमाझम बारिश, अगले 48 घंटे का अलर्ट
वाराणसी। बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने के बाद मानसून की सक्रियता और बढ़ गई है। गुरुवार को वाराणसी में जमकर मेघ बरसे। दोपहर में जिले के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। वहीं रात में भी बादल मेहरबान रहे और झमाझम बारिश हुई। इससे गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से वाराणसी समेत आसपास के इलाकों में बादलों की सक्रियता बढ़ गई है और हल्की से तेज बारिश हो रही है। गुरुवार को भी दिन और रात में बारिश हुई। वहीं शुक्रवार को भी मौसम सुहाना बना हुआ है। रुक-रुककर बूंदाबांदी और हल्की बारिश हो रही है।
अगले 48 घंटे बारिश का अलर्ट
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से अगले 48 घंटे तक वाराणसी में बारिश के आसार हैं। हल्की से तेज बारिश हो सकती है। आने वाले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है।
कई इलाकों में जलभराव
वाराणसी में हुई तेज बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। लंका इलाके के भगवानपुर, सुंदरपुर के साथ ही अंधरापुल, कोनिया, कज्जाकपुरा, नई सड़क, औरंगाबाद समेत अन्य इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली।