Varanasi Weather : पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, अभी और बढ़ेगी ठंड, जानिये मौसम विभाग का अलर्ट
वाराणसी। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। ठंड और बढ़ने के आसार हैं। वहीं कोहरा का प्रकोप भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में बारिश भी हो सकती है। उसके बाद ठंड और बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
ठंडी हवाओं के चलते शाम ढलते ही तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क जा रहा है, जिससे ठंड और कोहरे का असर बढ़ गया है। पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पहले जहां सर्दी एक समान पैटर्न में पड़ती थी, वहीं अब इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं तापमान को तेजी से गिरा देती हैं तो कभी कोहरा हालात को और गंभीर बना देता है। कोहरे के कारण दृश्यता में भी कमी आई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है।
शनिवार देर शाम से ही कोहरा छाने लगा, जिससे तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। रात के समय ठंड और अधिक बढ़ गई। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के चलते लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं। दिन के समय भी धूप कमजोर रहने से ठंड का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। सुबह और देर शाम घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। विशेषज्ञों ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से रात में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।