Varanasi Weather: वाराणसी में झमाझम बारिश, सिगरा-सोनिया मार्ग पर जलमग्न, पानी में बंद हुए वाहन, राहगीर दिखे परेशान
वाराणसी। मंगलवार की शाम वाराणसी में करीब एक घंटे हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की एक बार फिर पोल खोल दी। सिगरा थाना क्षेत्र के सोनिया इलाके में तेज बारिश के बाद सड़क पर घुटने भर पानी भर गया। जलजमाव के कारण सिगरा-सोनिया मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित रहा। राहगीरों और वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरने में काफी परेशानी उठानी पड़ी।
बारिश के बाद सड़क पूरी तरह जलमग्न नजर आई। सड़क पर पानी का स्तर बढ़ने के कारण कई दोपहिया और चार पहिया वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो गए। वाहन चालकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी और कई लोगों ने अपनी गाड़ियों को धक्का देकर जलभराव वाले हिस्से से बाहर निकाला। सड़क पर पानी जमा होने से यातायात की रफ्तार भी धीमी हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सोनिया क्षेत्र में बारिश के दौरान जलजमाव कोई नई समस्या नहीं है। थोड़ी देर की तेज बारिश में ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है। लोगों का कहना है कि जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है। इससे राहगीरों के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों को भी परेशानी होती है।
जलभराव के कारण लोगों को सड़क के किनारे से निकलने में भी दिक्कत हुई। कई स्थानों पर पानी जमा होने से सड़क और उसके गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया। इससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना रहा। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से जल निकासी व्यवस्था की स्थायी समस्या दूर करने की मांग की है। उनका कहना है कि नालियों की नियमित सफाई और पानी की निकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि हर बारिश में लोगों को जलजमाव की समस्या से न जूझना पड़े।