Varanasi Weather : दो दिन बाद भारी बारिश का अलर्ट, 60 किलोमीटर की रफ्तार से चलेगी हवा, मौसम विभाग का अलर्ट

अप्रैल में मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के चलते एक-दो दिनों के अंतराल पर आंधी-बारिश हो रही है। इससे तापमान औसत से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 8 और 9 अप्रैल को तेज हवा के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम की बेरूखी से किसान सांसत में हैं। 
 

वाराणसी। अप्रैल में मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के चलते एक-दो दिनों के अंतराल पर आंधी-बारिश हो रही है। इससे तापमान औसत से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 8 और 9 अप्रैल को तेज हवा के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम की बेरूखी से किसान सांसत में हैं। 

वाराणसी में रविवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में कई बार बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन किसानों के लिए यह मौसम चिंता का कारण बन गया है। तेज हवा और बारिश के चलते गेहूं की कटाई-मड़ाई प्रभावित हो रही है और फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।

मौसम विभाग ने 8 और 9 अप्रैल को भी तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में यह स्थिति बनी हुई है। इसके प्रभाव से तापमान में गिरावट आई है और बारिश का सिलसिला जारी है। हालांकि, 10 अप्रैल के बाद मौसम के साफ होने और तापमान में फिर से बढ़ोतरी के आसार हैं।