Varanasi Weather : वाराणसी में झुलसा रही गर्मी, हीट वेव का अलर्ट, जानिये कब होगी बारिश
वाराणसी। इन दिनों शहर भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार तीन दिनों से तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आ रहा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए लू का 'यलो अलर्ट' जारी किया है और तापमान के 45 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। दो दिन बाद मौसम बदलने और बारिश के आसार हैं। उसके बाद गर्मी से राहत मिल सकती है।
गर्मी की तल्खी इस हद तक बढ़ गई है कि घरों के पंखे और कूलर भी फेल हो चुके हैं। खिड़कियां खोलने पर गर्म हवा अंदर आती है और बंद करने पर उमस से हालत खराब हो रही है। तेज गर्म हवाएं, जो लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं, शरीर को झुलसा रही हैं। धूप की तपिश इतनी अधिक है कि छतों पर रखी पानी की टंकियों का पानी सुबह 10 बजे तक ही उबलने लगता है। दिन में दीवारें इतनी गर्म हो जाती हैं कि रात 12 बजे तक भी उनमें से गर्मी खत्म नहीं होती।
हालांकि, इस झुलसाने वाली गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बन सकती है, जिससे बारिश के आसार प्रबल हैं। बारिश होने पर तापमान में गिरावट आएगी और 3-4 दिनों तक मौसम सुहावना बना रह सकता है।