Varanasi Weather: वाराणसी में बूंदाबांदी-बारिश का दौर जारी, गिरा तापमान, अगले सप्ताह भी ऐसा ही रहेगा मौसम का हाल
वाराणसी। मानसून की सक्रियता के चलते वाराणसी में इस समय बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो मानसून की सक्रियता का दौर अगले सप्ताह भी जारी रहेगा। इसी तरह मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहेगा।
पिछले 24 घंटे में रुक-रुककर हुई बारिश से शनिवार को मौसम का मिजाज बदल गया। शनिवार की भोर में करीब 15 मिनट की तेज बारिश के बाद शाम तक कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली। शुक्रवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो शनिवार को 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ 32.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम में बदलाव के कारण दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। बीच-बीच में बारिश होने से वातावरण में ठंडक महसूस की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून की सक्रियता अभी बनी हुई है। इसके चलते अगले सप्ताह भी मौसम का मिजाज इसी तरह रहने की संभावना है और रुक-रुककर बारिश हो सकती है।