Varanasi Weather: वाराणसी में शीतलहर ने कंपाया, घने कोहरे के साथ हुई सुबह, तीन दिन का अलर्ट
वाराणसी। दिसंबर के दूसरे पखवारे में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। गुरुवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। वहीं शीतलहर ने भी कंपाया। दिन का तापमान लगभग 4 डिग्री नीचे चला गया है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखी गई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। दिसंबर महीने में अब तक मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। दिसंबर के पहले सप्ताह में ही ठंड का असर दिखने लगा था। इससे पहले जहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, अब घटकर 20 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पछुआ हवाओं के कारण ठंड में बढ़ोतरी हो रही है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही ठंडी हवाओं की वजह से सुबह के समय कोहरा छाने लगा है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। खासकर रात और सुबह के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, ठंड बढ़ने से बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सावधानी रखने की आवश्यकता है।
नगर निगम प्रशासन ने किया मुकम्मल इंतजाम
कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने मुकम्मल तैयारी की है। गंगा घाटों के आसपास भी रैनबसेरों का इंतजाम किया गया है। वहीं अलाव भी जलवाए जा रहे हैं। इससे लोगों को ठंड में राहत मिल रही है। गंगा घाट पर रैनबसेरा और अलाव की मांग की जा रही थी। लोगों की मांग को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने ठंड से बचाव के इंतजाम कराए।