Varanasi Weather : काशी में ठंड का प्रकोप बढ़ा, 24 घंटे में तापमान 3.2 डिग्री लुढ़का, दो दिन तक कोहरे का अलर्ट
वाराणसी। काशी में ठंड का सितम जारी है। बीते 24 घंटे के भीतर दिन के तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं ठंड के साथ तेज ठंडी हवाओं ने लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया। शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहे और सुबह से लेकर रात तक ठिठुरन बनी रही। वहीं रविवार की सुबह भी धूप नहीं निकली। इससे गलन जारी रही। मौसम विभाग की ओर से दो दिन कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह 11 बजे तक तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से कम रहा। दिन में कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन अधिकतम तापमान महज 16.4 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच सका। यह सामान्य से 6.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंडी हवाएं 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहीं, जिससे ठंड का असर और ज्यादा महसूस हुआ।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने वाराणसी सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों के लिए दो दिन तक कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों में कोहरा और ठंड दोनों का प्रभाव बना रहेगा। सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जेट स्ट्रीम और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ गया है। इसी कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
नए साल की शुरुआत भी कड़ाके की ठंड के साथ हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 31 दिसंबर और एक जनवरी को भी ठंड का असर बना रहेगा। 31 दिसंबर को अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं एक जनवरी को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, हालांकि न्यूनतम तापमान इससे भी नीचे जा सकता है।