Varanasi Weather: दोपहर में तेज धूप, शाम को बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, आने वाले दिनों में बारिश के आसार
वाराणसी। काशी में बुधवार को मौसम का मिजाज दिनभर बदलता रहा। दोपहर तक तेज धूप खिलने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा, जबकि शाम को करीब 10 मिनट तक हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं, जिससे वातावरण में ठंडक महसूस की गई।
भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। हालांकि, मानसून की सक्रियता अभी सामान्य से कमजोर बनी हुई है। इसके चलते लगातार और व्यापक वर्षा की स्थिति फिलहाल नहीं बन रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून के कमजोर पड़ने का मुख्य कारण प्रशांत महासागर में विकसित हो रही एल नीनो जैसी परिस्थितियां हैं, जिसका असर देश के विभिन्न हिस्सों में मानसूनी गतिविधियों पर देखा जा रहा है। इसके बावजूद बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।