Varanasi Weather: तीन दिन की बारिश के बाद तीखी धूप, पांच डिग्री चढ़ा पारा, जानिये आगे के मौसम का हाल 

काशी में तीन दिनों तक हुई बारिश के बाद शुक्रवार को तेज धूप निकलने से तापमान में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा था, जो शुक्रवार को बढ़कर 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। एक ही दिन में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिन बारिश के आसार हैं। 
 

वाराणसी। काशी में तीन दिनों तक हुई बारिश के बाद शुक्रवार को तेज धूप निकलने से तापमान में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा था, जो शुक्रवार को बढ़कर 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। एक ही दिन में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिन बारिश के आसार हैं। 

शुक्रवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं, गुरुवार की तुलना में तापमान में करीब 5.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। बारिश के बाद निकली तेज धूप के कारण वातावरण में उमस भी बढ़ गई। हवा में नमी 80 से 90 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी अधिक महसूस हुई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून अभी भी सक्रिय स्थिति में है। हालांकि, किसी प्रकार की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। पिछले तीन दिनों में जिले में 150 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई थी, लेकिन शुक्रवार को धूप निकलने के साथ मौसम का मिजाज फिर बदल गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की ट्रफ लाइन काशी के ऊपर से गुजर रही है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रह सकता है।