Varanasi Weather: बारिश के बाद वाराणसी में 9 डिग्री नीचे तापमान, रात में सिहरन, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते हुई बारिश के चलते दो माह बाद काशीवासियों को फिर ठंड और सिहरन का अहसास हुआ। वाराणसी में तापमान 9 डिग्री नीचे गिरकर 29.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग ने 10 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव के आसार जताएं। हवा के साथ बारिश हो सकती है। 10 तारीख के बाद मौसम साफ हो सकता है और तापमान तेजी से बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य 9.4 डिग्री से गिरकर 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अचानक हुए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक भी महसूस की गई।
दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में तेज हवाएं चलती रहीं। शहर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। तेज हवा के कारण कुछ स्थानों पर होर्डिंग और अस्थायी ढांचे भी प्रभावित हुए। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। आने वाले दिनों में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 10 अप्रैल तक इसी तरह का मौसम बने रहने के संकेत हैं, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।
दूसरी ओर, नगर निगम ने मानसून से पहले नालों की सफाई की तैयारी तेज कर दी है। अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर जलजमाव की समस्या से निपटने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख नालों की सिल्ट सफाई का कार्य जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति न बने।