Varanasi Weather: दक्षिण की ओर से खिसका मानसून ट्रफ, जून और जुलाई में औसत से आधी बारिश, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। सावन का महीना शुरू होने के बावजूद वाराणसी में मानसून की बेरुखी जारी है। जून और जुलाई में सामान्य से काफी कम बारिश होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार इन दो महीनों में सामान्यतः 405 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 196 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मानसून ट्रफ के दक्षिण की तरफ खिसकने की वजह से औसत से आधी बारिश हुई। अगले सप्ताह मानसून के फिर एक्टिव होने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून ट्रफ एक बार फिर दक्षिण की ओर खिसक गई है, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित वाराणसी में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं। सामान्यतः जून से सितंबर तक जिले में करीब 901 मिलीमीटर वर्षा होती है, जिसमें जून में 111, जुलाई में 294, अगस्त में 264 और सितंबर में 232 मिलीमीटर बारिश का औसत निर्धारित है। जुलाई में बीच-बीच में बारिश हुई, लेकिन पर्याप्त वर्षा नहीं होने से गर्मी और उमस का असर बना रहा।
शनिवार को भी तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। दिन का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून फिलहाल कमजोर स्थिति में है, लेकिन अगले सप्ताह मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। यदि मानसूनी प्रणाली सक्रिय होती है तो अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकेगी।