Varanasi Weather: वाराणसी में तीन दिन में 60 मिलीमीटर बारिश, 31 डिग्री पर पहुंचा तापमान, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। लगातार हो रही मानसूनी बारिश से वाराणसी समेत पूर्वांचल के मौसम सुहाना हो गया है। पिछले कई दिनों से जारी वर्षा के कारण अधिकतम तापमान गिरकर 31.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जिससे लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार सामान्य की तुलना में अधिकतम तापमान में लगभग 3.3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 1.7 डिग्री कम है। 10 जुलाई के बाद मानसून की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यूपी में 10 जून से मानसून फिर एक्टिव होगा। पिछले तीन-चार दिनों में वाराणसी में लगभग 60 मिलीमीटर बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते शहर की कई प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और मानसूनी द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 10 जुलाई तक वाराणसी सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे कई स्थानों पर अच्छी वर्षा होने की संभावना है।