Varanasi Weather: वाराणसी में 17 मिलीमीटर बारिश, 30 डिग्री से नीचे रहा तापमान, तीन दिन बारिश का अलर्ट नहीं

काशी में मंगलवार को हुई 17 मिलीमीटर बारिश के बावजूद मौसम विभाग की ओर से जारी भारी वर्षा का अलर्ट बेअसर साबित हुआ। जिले में येलो अलर्ट के तहत भारी बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन पूरे दिन हल्की से मध्यम बारिश ही दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार भारी वर्षा के लिए 12 घंटे में 50 मिलीमीटर या उससे अधिक बारिश होना आवश्यक माना जाता है। अब 25 जुलाई तक बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। 
 

वाराणसी। काशी में मंगलवार को हुई 17 मिलीमीटर बारिश के बावजूद मौसम विभाग की ओर से जारी भारी वर्षा का अलर्ट बेअसर साबित हुआ। जिले में येलो अलर्ट के तहत भारी बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन पूरे दिन हल्की से मध्यम बारिश ही दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार भारी वर्षा के लिए 12 घंटे में 50 मिलीमीटर या उससे अधिक बारिश होना आवश्यक माना जाता है। अब 25 जुलाई तक बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। 

मंगलवार की रात के साथ ही दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश का दौर अधिक देर तक नहीं चला। मौसम विभाग ने फिलहाल 25 जुलाई तक वाराणसी के लिए किसी नए भारी बारिश के अलर्ट की घोषणा नहीं की है।

बारिश के चलते गंगा के जलस्तर में भी मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिनभर बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है। शाम के समय बादलों के छंटने और तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई। इसके बाद लगभग 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवा के कारण तापमान में फिर गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।