वाराणसी : बेनीपुर में जलभराव से मुख्य मार्ग बना तालाब, स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, ग्रामीणों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग

विकासखंड आराजी लाइन के ग्राम सभा बेनीपुर में लगातार जलभराव के कारण मुख्य मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई दिनों से सड़क पर जमा पानी ने ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सबसे अधिक परेशानी उन छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है, जिन्हें प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल और इंटर कॉलेज जाने के लिए इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। जलभराव के चलते विद्यालयों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
 

वाराणसी। विकासखंड आराजी लाइन के ग्राम सभा बेनीपुर में लगातार जलभराव के कारण मुख्य मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई दिनों से सड़क पर जमा पानी ने ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सबसे अधिक परेशानी उन छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है, जिन्हें प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल और इंटर कॉलेज जाने के लिए इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। जलभराव के चलते विद्यालयों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क अब किसी तालाब जैसी दिखाई देने लगी है। सड़क पर घुटनों तक पानी भरा होने के कारण राहगीरों को जोखिम उठाकर आवाजाही करनी पड़ रही है। पानी में सड़क और गड्ढे दिखाई नहीं देने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। कई लोग आवश्यक कार्यों के लिए भी इस मार्ग का उपयोग करने से बच रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव के बीच स्थित ग्राम सभा के तालाब पर हुए अतिक्रमण के कारण जल निकासी का प्राकृतिक मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। इसी वजह से बारिश का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा और मुख्य सड़क सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार जलभराव बना हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो पानी रिहायशी इलाकों और घरों तक पहुंच सकता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाएगी।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या की जानकारी कई बार क्षेत्रीय सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल को दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है और स्थायी समाधान की मांग तेज हो गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तालाब पर हुए अतिक्रमण को हटाने, जल निकासी के प्राकृतिक मार्ग को बहाल करने और मुख्य सड़क से तत्काल पानी निकलवाने की मांग की है। 

वहीं, ग्राम प्रधान शिवपूजन पटेल 'उमेश' ने बताया कि मुख्य सड़क पर जमा पानी की निकासी के लिए जल्द ही इंजन लगाकर जलभराव दूर कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके।