वाराणसी : नदेसर दुष्कर्म मामले में वांछित आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी शुभम को वाराणसी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को नदेसर स्थित एक रेस्टोरेंट के ऊपर रहने वाली मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ आरोपी की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में 28 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित शुभम वरुणा पुल के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल हिरासत में लिया और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। बरामद असलहे के संबंध में भी पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायल आरोपी को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और उसकी गिरफ्तारी की औपचारिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।