वाराणसी : जनसेवा केंद्र संचालक से लूट की कोशिश, ग्रामीणों ने बदमाश को पकडकर किया पुलिस के हवाले
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के काजीसराय में शनिवार रात जन सेवा केंद्र संचालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की सतर्कता से लूट की बड़ी वारदात टल गई। हथियार के बल पर लूट का प्रयास करने पहुंचे बदमाश को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल और बाइक बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
काजीसराय निवासी जावेद अली क्षेत्र में जन सेवा केंद्र चलाते हैं। शनिवार रात करीब आठ बजे वह अपनी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बाइक से एक युवक वहां पहुंचा और कैश निकालने की बात कहने लगा। जावेद ने दुकान बंद होने की बात कही, लेकिन युवक वहां से जाने के बजाय दुकान के आसपास ही रुक गया। करीब 15 मिनट तक वह मोबाइल पर बातचीत करता रहा और इधर-उधर नजरें दौड़ाता रहा।
कुछ देर बाद जब सड़क पर आवाजाही कम हो गई और आसपास सन्नाटा हो गया, तभी युवक ने अचानक कमर से पिस्टल निकाल ली और जावेद पर तानते हुए कैश देने की धमकी दी। अचानक हुई इस घटना से जावेद घबराए जरूर, लेकिन उन्होंने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने बदमाश से कहा कि रुपये पीछे कमरे में रखे हैं और वह उन्हें निकालकर लाते हैं।
इसके बाद जावेद पीछे के रास्ते से बाहर निकल गए और जोर-जोर से शोर मचाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख बदमाश बाइक लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की और फिर सूचना देकर पुलिस को बुलाया।
मौके पर पहुंची बड़ागांव पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से पिस्टल और बाइक बरामद हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।