वाराणसी : घर से चार तरह का अलग-अलग कूड़ा देने वालों को इनाम देगा नगर निगम, किया जाएगा सम्मानित 

स्वच्छता को बढ़ावा देने और घरों से निकलने वाले कचरे के बेहतर प्रबंधन के लिए नगर निगम ने नई पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। अब जो लोग अपने घरों से निकलने वाले कूड़े को चार अलग-अलग श्रेणियों में अलग करके देंगे, उन्हें नगर निगम की ओर से इनाम दिया जाएगा। 
 

वाराणसी। स्वच्छता को बढ़ावा देने और घरों से निकलने वाले कचरे के बेहतर प्रबंधन के लिए नगर निगम ने नई पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। अब जो लोग अपने घरों से निकलने वाले कूड़े को चार अलग-अलग श्रेणियों में अलग करके देंगे, उन्हें नगर निगम की ओर से इनाम दिया जाएगा। 

नगर निगम के अनुसार शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली गाड़ियों में चार प्रकार के कचरे का उठान किया जाएगा। इसमें सूखा कचरा, गीला कचरा, सैनिटरी व मेडिकल कचरा और खतरनाक कचरा शामिल हैं। इन सभी को अलग-अलग करके देने वाले नागरिकों को प्रमाण पत्र के रूप में इनाम दिया जाएगा।

अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने बताया कि घरों में कचरे को अलग रखने के लिए अलग-अलग रंग के डस्टबिन का प्रयोग किया जाएगा।
•    हरा डस्टबिन: गीला कचरा
•    नीला डस्टबिन: सूखा कचरा
•    लाल डस्टबिन: सैनिटरी व मेडिकल कचरा
•    काला डस्टबिन: खतरनाक कचरा

नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 100 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों में भी अलग-अलग रंग के डिब्बे लगाए जाएंगे, जिससे कचरे का सही तरीके से निस्तारण हो सके।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार जिन घरों से चारों प्रकार का कचरा अलग-अलग दिया जाएगा, उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूकता का प्रमाण मानते हुए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों में भी रंगीन डिब्बे लगाकर व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देना और कचरा प्रबंधन को वैज्ञानिक तरीके से लागू करना है।