वाराणसी : नगर निगम ने 10 जर्जर भवनों पर चलवाया बुलडोजर, तैनात रही तीन थानों की पुलिस और पीएसी
वाराणसी। कचहरी-संधन मार्ग के चौड़ीकरण की राह में बाधा बने जर्जर भवनों को हटाने की कार्रवाई मंगलवार को शुरू हो गई। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से कराए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के तहत नगर निगम ने चिह्नित 10 जर्जर भवनों को गिराने के लिए अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान किसी तरह के विरोध और अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात रही।
ध्वस्तीकरण अभियान के चलते कचहरी और आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। वाहनों के सुचारू आवागमन और कार्रवाई स्थल पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस लाइन चौराहा और कचहरी चौराहा से यातायात का डायवर्जन कराया गया। मौके पर पीएसी के अलावा तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने और कार्रवाई स्थल से दूरी बनाए रखने की अपील की।
एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक ने बताया कि नगर निगम की ओर से चिन्हित 10 जर्जर भवनों को हटाने की प्रक्रिया नियमानुसार शुरू की गई है। संबंधित भवन स्वामियों को पहले ही नगर निगम की ओर से नोटिस जारी किए जा चुके थे। जिन भवन स्वामियों को मुआवजा दिया जाना था, उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि ध्वस्तीकरण के दौरान आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से कार्रवाई के दौरान यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
प्रशासन के मुताबिक कचहरी-संधन मार्ग के चौड़ीकरण से इस क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा। कचहरी और आसपास के इलाकों में आए दिन लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद आवागमन अधिक सुगम होने के साथ ही क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।