वाराणसी : धुंध के चलते वाराणसी की फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट, यात्रियों को हुई परेशानी 

धुंध और कम दृश्यता के कारण शुक्रवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान संचालन प्रभावित रहा। इसी कारण दिल्ली से वाराणसी आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।
 

वाराणसी। धुंध और कम दृश्यता के कारण शुक्रवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान संचालन प्रभावित रहा। इसी कारण दिल्ली से वाराणसी आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-1225 निर्धारित समय सुबह 6:50 बजे दिल्ली से 157 यात्रियों को लेकर वाराणसी के लिए रवाना हुई थी। यह विमान सुबह करीब 7:50 बजे वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंच गया, लेकिन उस समय एयरपोर्ट के आसपास धुंध के कारण दृश्यता न्यूनतम मानक से कम थी। ऐसे में एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को उतरने की अनुमति नहीं दी।

पायलट ने कुछ समय तक मौसम में सुधार का इंतजार किया, लेकिन स्थिति सामान्य न होने पर विमान को लखनऊ के लिए डायवर्ट कर दिया गया, जहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इसका असर वाराणसी से दिल्ली जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ा। यही विमान वाराणसी पहुंचने के बाद फ्लाइट संख्या IX-1271 बनकर सुबह 8:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था। लेकिन लखनऊ डायवर्ट होने के कारण वाराणसी से दिल्ली जाने वाले करीब 180 यात्रियों की यात्रा भी प्रभावित हुई।

बाद में लखनऊ में ईंधन भरने और मौसम में सुधार के बाद विमान सुबह लगभग 10 बजे वापस वाराणसी पहुंचा। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार कोहरे के कारण सुबह के समय उड़ानों के संचालन में अस्थायी व्यवधान आया।