वाराणसी : डीजे पर डांस को लेकर आपस में भिड़े दो युवक, चाकू से हमला, पुलिस टीम पर पथराव
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खगरामपुर गांव में सोमवार की देर रात एक वैवाहिक समारोह के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। हालांकि, अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू पा लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
खगरामपुर गांव निवासी राहुल राजभर (22) पुत्र रमेश राजभर गांव में आयोजित एक वैवाहिक समारोह में डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही एक युवक से डांस को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने राहुल के सीने पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना से समारोह में अफरा-तफरी मच गई और डीजे बंद करा दिया गया।
सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस का ग्रामीणों के एक समूह ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया। अचानक हुए पथराव के बीच पुलिसकर्मियों को कुछ देर के लिए पीछे हटना पड़ा। करीब एक घंटे बाद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित किया। घायल राहुल को जख्खीनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि चाकूबाजी और पुलिस पर पथराव के मामले की जांच की जा रही है।