वाराणसी : सड़क पर झगड़ा करना पड़ा भारी, दो महिलाओं को थाने ले गई पुलिस
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के पास सार्वजनिक स्थान पर दो महिलाओं के बीच हुआ विवाद उन्हें भारी पड़ गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सिगरा थाने की पुलिस ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे नहीं मानीं तो शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पिलर नंबर-59, कैंट रेलवे स्टेशन के पास दो महिलाएं आपस में विवाद कर रही थीं। राहगीरों की सूचना पर सिगरा थाने की एंटी रोमियो टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों महिलाओं को समझाकर विवाद खत्म करने की कोशिश की, लेकिन दोनों शांत होने को तैयार नहीं हुईं। सार्वजनिक स्थल पर हो रहे हंगामे से यातायात और लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही थी।
इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था के मद्देनजर दोनों महिलाओं को बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार महिलाओं में शालिनी देवी (काल्पनिक नाम), निवासी बेनीपुर कला, चोलापुर, वाराणसी तथा रजनी देवी (काल्पनिक नाम), निवासी घुड़दौड़, केराकत, जौनपुर शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अराजकता के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के निर्देशन में सिगरा थाना पुलिस और एंटी रोमियो टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक काजोल सिंह, महिला आरक्षी अंजली सिंह, महिला कांस्टेबल प्रिया गौड़, दीपांजलि मिश्रा, हेड कांस्टेबल अनंत कुमार सिंह और कांस्टेबल संतोष कुमार शामिल रहे।