वाराणसी : ट्रेन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों हादसे आशापुर और वरुणा पुल रेलवे क्रॉसिंग के पास हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक महिलाओं की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लोगों से पूछताछ कर शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
पहली घटना आशापुर चौकी क्षेत्र के आशापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। यहां करीब 70 वर्षीय महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर आशापुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से महिला के बारे में जानकारी जुटाई, लेकिन तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी।
दूसरी घटना पुरानापुल चौकी क्षेत्र के वरुणा पुल रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। यहां करीब 45 वर्षीय महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे के बाद महिला के कपड़े रेलवे ट्रैक में फंस गए, जिससे शव नीचे नदी की ओर लटक गया। सूचना पर पहुंची पुरानापुल चौकी पुलिस ने शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया।
लापता महिलाओं की जानकारी देने की अपील
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मृतक महिलाओं की पहचान कराने के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी परिवार की महिला लापता है और उसका हुलिया इन महिलाओं से मेल खाता है तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें। पुलिस ने लोगों से दोनों महिलाओं के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर सूचना देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने से मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों तक घटना की जानकारी पहुंचाने में मदद मिलेगी।
संपर्क नंबर:
पुरानापुल चौकी प्रभारी : 7839856869
आशापुर चौकी प्रभारी : 7839856870
सारनाथ थाना प्रभारी : 9454404398