वाराणसी : किराएदार बनकर आए, लुटेरे बनकर निकले : बुजुर्ग महिला से झुमके छीनने वाले दो शातिर गिरफ्तार

वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से सोने के टॉप्स छीनने की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना लालपुर-पांडेयपुर पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को चौबेपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
 

वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से सोने के टॉप्स छीनने की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना लालपुर-पांडेयपुर पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को चौबेपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

किराए का मकान ढूंढने के बहाने पहुंचे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 को दो युवक किराए का मकान तलाशने के बहाने इलाके में घूम रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी। महिला को अकेला देखकर दोनों आरोपियों ने उनके कान से सोने के टॉप्स झपट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा संख्या 165/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
घटना के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार निगरानी के बाद 23 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चौबेपुर निवासी गणेश सोनकर और दीपक पाठक के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि दीपक पाठक का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में बाइक चोरी और वर्ष 2022 में गोकशी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गणेश सोनकर के खिलाफ यह पहला आपराधिक मामला बताया जा रहा है।

बाइक, नकदी और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, 8 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

त्वरित कार्रवाई से बढ़ा भरोसा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। छिनैती की घटना के त्वरित खुलासे से क्षेत्रीय लोगों, विशेषकर बुजुर्ग नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा और वाराणसी में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।