वाराणसी : सड़क हादसों में दो की मौत, कार ने बाइक में मारी टक्कर, सरिया पर गिरकर छात्र की मौत, पिकअप की टक्कर से मैकेनिक की गई जान
वाराणसी। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक छात्र और एक कारीगर की मौत हो गई, जबकि छात्र के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा गंगा पुल पर सोमवार की रात कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर पिता के साथ जा रहे मुगलसराय के कैथापुर गांव निवासी छात्र आरूष यादव (14 वर्ष) निर्माणाधीन पुल की सरिया पर गिर पड़ा। सरिया उसके शरीर के आरपार हो गया। वहीं पिता अशोक यादव घायल हो गए। कुछ समय तक छात्र का शव सरिया पर पड़ा रहा। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पिता-पुत्र को पीएचसी चिरईगांव पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बेटे को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
आरूष हरहुआ से क्रिकेट की कोचिंग के बाद पिता के साथ बाइक से घर जा रहा था। उसी दौरान हादसे का शिकार हो गया। दूसरी घटना पिंडरा बाजार में हुई, जहां एक अमूल दूध लेकर जा रही पिकअप और मैजिक में टक्कर हो गई। इसमें फर्नीचर कारीगर जयप्रकाश विश्वकर्मा (35 वर्ष) की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों व लोगों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना के बाद पहुंची एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने समझाकर लोगों को शांत कराया। उसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और मार्ग पर आवागमन सुचारू हो सका।