वाराणसी : मंगला आरती से लौट रहे पर्यटकों पर हमला, लूट की कोशिश, दो घायल 

भेलूपुर थाना क्षेत्र के चौकी घाट इलाके में रविवार तड़के एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई, जब काशी दर्शन कर लौट रहे दक्षिण भारतीय पर्यटकों के एक समूह पर बदमाशों ने हमला कर लूट का प्रयास किया। असलहे के बल पर डराने-धमकाने के बाद विरोध करने पर पर्यटकों के साथ मारपीट की गई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
 

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के चौकी घाट इलाके में रविवार तड़के एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई, जब काशी दर्शन कर लौट रहे दक्षिण भारतीय पर्यटकों के एक समूह पर बदमाशों ने हमला कर लूट का प्रयास किया। असलहे के बल पर डराने-धमकाने के बाद विरोध करने पर पर्यटकों के साथ मारपीट की गई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

चार पर्यटक सुबह भोर में काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती में शामिल होने के बाद अपने ठहरने के स्थान की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान चौकी घाट क्षेत्र में पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने चाकू और कट्टा दिखाकर उन्हें आतंकित किया और उनके गहने व सामान लूटने की कोशिश की।

घटना के दौरान जब पर्यटकों ने विरोध किया और एक-दूसरे को बचाने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में आंध्र प्रदेश के गुंटूर निवासी मधुसूदन राव के सीने में गंभीर चोट आई, जबकि नल्लूरी कोटिस्वरी के पेट में गहरी चोट लगने से उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। दोनों को काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

इस मामले में कुमार स्वामी मठ के केयरटेकर सचिन यादव की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपियों की नजर महिला पर्यटक के गले में पहनी चेन पर थी, जिसे छीनने के प्रयास के दौरान यह हिंसक वारदात हुई।

भेलूपुर के एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।